
कहीं सहमति कहीं जताई आपत्ति
सोलन। जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में पानी, बिजली और यातायात संबंधित मुद्दे गूंजे। जिप सदस्यों ने विभिन्न विकास और जनसमस्याओं के 77 मामले चर्चा के लिए प्रस्तुत किए। अधिकांश कार्यों के कार्यान्वयन पर अधिकारियों की सहमति बनी। कुछ निर्माण कार्यों और समस्याओं पर आपत्ति जताते हुए उच्च स्तर पर समाधान के लिए अग्रेषित किया गया। बैठक जिला परिषद सभागार में हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष शीला ने की। कार्रवाई का संचालन जिला पंचायत अधिकारी व सदस्य सचिव एमएस नेगी ने किया। बैैठक मेें उपाध्यक्ष जिप हरदीप सिंह ठाकुर, सदस्यों में अजायव सिंह राणा, हुसन चंद ठाकुर, आशा परिहार, सोनिया ठाकुर, निर्मला देवी, विमला वर्मा, कुलविंद्र कौर, सुमन लता, लक्ष्मी देवी, कौशल्या देवी, सरला शर्मा तथा जगदीश पंवर उपस्थित थे। अधिकारियों में वनमंडल अधिकारी सोलन प्रेम महाजन, कुनिहार से आरएस जसवाल, परियोजना अधिकारी एसडी नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र तेगटा आदि मौजूद रहे।
सड़कें और यातायात
सोलन-जयनगर बस सेवा को वाया मांडला खरड-हट्टी चलाने तथा सोलन से दिगल के लिये सीधी बस सेवा की मांग पर सहमति बनी। लगदाघाट-जोबी-जयनगर तथा मलौण किला सड़कों के निर्माण के लिए संबंधित अधिकारियों ने अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने की बात कही। संपर्क सड़क स्वारघाट, फकरेड, कोहला से रिया की गिफट डीड उपलब्ध करवाने को कहा गया। गौण घाटी से रौ पुल सड़क निर्माण पर गिफट डीड उपलब्ध न होने पर चर्चा हुई।
चिकनी पुल के निर्माण पर नाराजगी
एनएच 21 पर निर्माणाधीन चिकनी पुल पर धीमी गति से कार्य के लिए सदस्य ने नाराजगी जाहिर की, साथ ही इस सड़क पर पड़े गड्ढों से वाहनों को हो रहे नुकसान के चलते संबंधित अधिशाषी अभियंता को सड़क की तुरंत मरम्मत करने की बात सदन में कही। तो उन्हें जानकारी दी गई कि नालागढ से स्वारघाट सड़क सुधार का कार्य दो चरणाें में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में 26.42 करोड़ रुपये के टेंडर हुए हैं तथा कार्य भी आवंटित किया जा चुका है।
पानी मिलेगा भरपूर
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि दयोली बरूणा गांव में चार इंच की पाईप बिछा दी गई है तथा इस योजना के लिए नया टैंक निर्माणाधीन है, जिसके बनते ही लोगों को अतिरिक्त पानी की सुविधा मिलेगी। इसी तरह जुखाडी-बनेड़ पेयजल योजना के लिए नया पंपिंग सैट खरीद लिया है तथा एक महीने के भीतर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी। दभोटा पंचायत के गांव रत्योड में पीने का पानी उपलब्ध करवा दिया गया है, छूटे हुए घरों को जल्द यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
56.55 लाख में बोरबेल
कश्मीरपुर स्कूल के समीप बोरबेल स्थापित करने के लिए 46.55 लाख रुपये का प्राक्कलन स्वीकृति हेतु सरकार को भेजा गया है। अतिरिक्त उपायुक्त एवं कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सीपी वर्मा ने विभागीय अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया कि कार्यान्वित की जा रही योजनाओं के निर्माण में तेजी लाई जाएगी। लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारी सदस्यों के साथ संयुक्त दौरा करके 15 दिनों के भीतर सुनेंगे।
