कहीं कंगाल न करे दे ये मिस कॉल

काईस (कुल्लू)। मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से आने वाली कॉल आपको कंगाल कर सकती है। मोबाइल पर किसी अनजाने नंबर से मेसेज या कॉल आ रही है तो रिसीव करने से पहले जरा सावधान हो जाएं। प्लस 92 सिरीज के पाकिस्तानी नंबर से आ रही कॉल आपको मोटा चूना लगा सकती है। जिले में ही करीब लाखों रुपये लोग फोन पर मिले लाटरी के झांसे में गंवा चुके हैं।
कॉल रिसीव करने पर एक ही सेकिंड में आपके 15 रुपये कट जाएंगे। मिस कॉल आने पर यदि कॉल बैक की तो सीधे 45 रुपये का चूना लगेगा। लिहाजा प्लस 92 सिरीज की फोन कॉल रिसीव न करना ही बेहतर है। पड़ोसी देश पाकिस्तान के सिरीज नंबर से बार बार आ रही कॉल से जिले के लोग आजकल परेशान हैं। यहीं नहीं लाटरी का झांसा देकर बैंक अकाउंट नंबर भी मांगा जा रहा है। इसमें आम लोगों के साथ कई सरकारी अधिकारी भी झांसे में आ रहे हैं। खराहल घाटी के धनेश्वर ठाकुर को प्लस 92 सिरीज के एक नंबर से आई कॉल पर 25 लाख की लाटरी लगने का झांसा दिया गया। कॉल काटी तो सीधे 15 रुपये भी फोन के बैलेंस से उड़ चुके थे। यहां तक कि मिस कॉल आने पर धनेश्वर ने जब प्लस 92 के ही सिरीज के नंबर 923346610811 पर कॉल बैक की तो 25 रुपये की चपत लग चुकी थी। कुल्लू के ही विनोद शर्मा के भी ऐसी कॉल के चक्कर में 36 रुपये कट चुके हैं। काईस क्षेत्र के डुगले राम ने बताया कि वह भी इसी तरह की ठगी का शिकार हुए हैं।

व्यक्तिगत जानकारी न करें साझा
काईस (कुल्लू)। डीएसपी संजय शर्मा ने कहा कि अनजाने नंबर से मेसेज या मिस कॉल आए तो कॉल बैक न करें। खासकर अपने बैंक अकाउंट मेल आईडी, एटीएम नंबर तथा अन्य पर्सनल जानकारी कभी साझा न करें। शिकायत मिलने पर पुलिस छानबीन करेगी। पुलिस इस तरह के मामलों को लेकर समय-समय पर लोगों को जागरूक करती रहती है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लालच में पड़कर पैसे मिलने के झांसे में न आएं। इस पर अंकुश लगाने के लिए आम लोगों का जागरूक होना जरूरी है।

Related posts