
चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते कसाकड़ा मोहल्ले के लोग तेंदुए के आतंक से सहमे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक लगभग एक सप्ताह से तेंदुआ दिनदहाड़े मोहल्ले में घूम रहा है। इस कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी सुनीता, शीतल, बिट्टू, संधू, सुरजीत, वीरेंद्र, विनीत, अजय और पीयूष ने बताया कि यह तेंदुआ अभी कई कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। उन्होंने कहा कि दिन के समय भी तेंदुए को जगह-जगह सरेआम घूमते देखा गया है। तेंदुए के डर से लोग बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतराने लगे हैं। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को जल्द पकड़ा जाए। इस संबंध में वन विभाग के डीएफओ एम किरपा शंकर ने बताया कि मामला उनके ध्यान में है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए कसाकड़ा में दो पिंजरे लगाए जाएंगे। तेंदुए को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
