
अमृतसर: अपने जुमलों के लिए जाने जाते सांसद नवजोत सिंह सिद्धू के जुमलों से 1 साल बाद गुरु नगरी गुलजार होगी। भाजपा के पार्टी सिस्टम, अपनी व अपने चहेतों की पार्टी में उपेक्षा से खिन्न सिद्धू पिछले 1 साल से शहर से दूरी बनाए हुए थे। इसे लेकर पार्टी के शीर्ष नेताओं के लिए जवाब तक देना मुश्किल हुआ पड़ा था।
लम्बे इंतजार के बाद आखिर सिद्धू 4 सितम्बर को शहर आ रहे हैं। वह दोपहर 1 बजे अंतर्राष्ट्रीय श्री गुरु रामदास एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे और वहीं से उनके स्वागत का सिलसिला शुरू होगा। उनके स्वागत को लेकर सिद्धू खेमे से जुड़े उनके सिपाही जहां बेताब हैं, वहीं शहर में बनी हुई गुटबंदी भी इस दिन खत्म नजर आए, इसके लिए स्वागत में पार्टी की सहभागिता को यकीनी बनाने के लिए भी उनकी धर्मपत्नी व मुख्य संसदीय सचिव डा. नवजोत कौर सिद्धू और जिला प्रधान नरेश शर्मा में बातचीत हो चुकी है।
हालांकि स्वागत का विधिवत शैड्यूल अभी घोषित नहीं किया गया है, परंतु सूत्रों के मुताबिक सिद्धू का एयरपोर्ट के अंदर, एयरपोर्ट के बाहर, मीरांकोट, जेल रोड, गुमटाला पुली, मॉल रोड, इन्कम टैक्स चौक, सर्किट हाऊस के बाहर स्वागत की रूपरेखा तैयार की गई है। यहां कौन-कौन सा नेता स्वागत करेगा, इसके बारे में अभी नहीं बताया गया। सिद्धू के सिपाहियों के चेहरे खिले : एक साल बाद शहर आ रहे सांसद सिद्धू के सिपहसलारों के चेहरे उनके आने की घोषणा से ही खिले हुए हैं।
सिद्धू की गैर-हाजिरी में राजनीतिक वनवास झेल रहे इन नेताओं को न तो पार्टी में ही कोई जगह दी गई थी और न ही उनकी कोई पूछ-पड़ताल ही हो रही थी। उम्मीद व्यक्त की जा रही है कि सिद्धू के फेरी के बाद अभी तक डैड चला आ रहा उनका कार्यालय (मॉल रोड-5) भी सक्रिय हो जाएगा और वहां लोगों के काम हो, उसे भी सुनिश्चित बनाया जाएगा।
