
सुरंगानी चंबा। कल्हेल स्कूल से छह दिन पहले लापता हुए अध्यापक का शव कल्हेल खड्ड में मिला है। उसका शव सड़क से लगभग तीन सौ मीटर नीचे गहरी खाई में पड़ा हुआ था। इसके अलावा बाइक भी मिल गई है जो शव से 50 फु ट दूरी पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी। सोमवार को पुलिस की टीम व ग्रामीण लापता शिक्षक किशोर ठाकुर को कल्हेल के आस पास ढूंढ रहे थे। इस दौरान शाम ढाई बजे के करीब उसका शव कल्हेल खड्ड में मिला। शव मिलते ही एसपी जगत राम व डीएसपी जितेंद्र चौधरी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। इसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाया जाएगा। गौर रहे कि कल्हेल स्कूल में तैनात किशोर ठाकुर 15 अक्तूबर को लापता हो गया था। इसके बाद 17 अक्तूबर को उसकी बेटी सुषमा ठाकुर ने पुलिस चौकी सुरंगानी में अपने पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस की टीम लापता शिक्षक की तलाश में जुटी हुई थी। एसपी जगत राम ने बताया कि लापता शिक्षक का शव मिल गया है। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस हर पहलु से मामले की जांच में जुट गई है।
