कला और शारीरिक अध्यापकों के साक्षात्कार रद

मंडी। मंडी में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक एवं चयन समिति अध्यक्ष के सेवानिवृत्त हो जाने के साथ ही कला तथा शारीरिक अध्यापकों के पदों के लिए गए साक्षात्कार रद हो गए हैं। मंडी जिले में 16 पदाें पर सितंबर माह में शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक द्वारा साक्षात्कार लिए गए थे। इनमें से कला संकाय के चार पदों पर, जबकि शारीरिक शिक्षक के 12 पदों पर नियुक्ति के लिए साक्षात्कार लिए गए थे, लेकिन साक्षात्कार का परिणाम घोषित नहीं हो पाया था। अब चयन समिति अध्यक्ष के पद से सेवानिवृत्त हो जाने से साक्षात्कार प्रक्रिया भी रद कर दी गई है। इन पदों की नियुक्ति का मामला न्यायालय में लंबित होने से अब साक्षात्कार को पूर्वव्यापी प्रभाव से रद कर दिया गया है। इससे उन तमाम शिक्षकों को मायूसी हाथ लगी है, जिन्होंने साक्षात्कार में भाग लिया था। उल्लेखनीय है कि प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मंडी ब्रह्मदास ने पद पर रहते हुए 24-25 सितंबर 2012 को कला तथा शारीरिक शिक्षक के 16 पदों के लिए साक्षात्कार लिए थे। जिले के सैकड़ों युवाओं ने साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया था, लेकिन वे 28 फरवरी को पद से रिटायर हो गए। चयन समति अध्यक्ष होने के नाते रिटायरमेंट से पहले उन्होंने कला तथा शारीरिक शिक्षकाें के अनुबंध आधार पर बैजवाइज नियुक्ति के लिए सितंबर माह में लिए गए इस साक्षात्कार को भी रद कर दिया है। पुष्टि करते हुए सेवानिवृत्त उपनिदेशक ब्रह्मदास ने बताया कि साक्षात्कार के बाद नियुक्ति का मामला न्यायालय में लंबित रहा। अब वह पद से सेवानिवृत्त हो गए हैं, इसलिए 28 सितंबर को ही पद पर रहते साक्षात्कार रद कर दिए गए हैं।

Related posts