
सुजानुपर (हमीरपुर)। नगर पंचायत सुजानपुर की बैठक में गृहकर और दुकान किराया चुकाने में डिफाल्टर रहे लोगों के केस न्यायालय में ले जाने का निर्णय लिया गया। बैठक प्रधान मनोज ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान नपं एरिया में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में करीब दो दर्जन डिफाल्टर दुकानदारों का मामला तैयार कर वसूली के लिए कोर्ट में दाखिल किया जाएगा। इसके अलावा हाउस टैक्स की अदायगी न करने वाले लोगों के खिलाफ भी कोर्ट में केस दायर किया जाएगा। करीब तीन दर्जन लोग बार-बार आग्रह के बावजूद बकाया हाउस टैक्स की अदायगी नहीं कर रहे हैं। बैठक में छह दुकानदारों द्वारा इकरार नामा न किए जाने पर अग्रिम राशि जब्त करने का निर्णय लिया गया। वहीं दुकानों की दोबारा बोली लगवा निलाम करने का निर्णय लिया गया। दुकानों की नीलामी 14 मई को होगी। गत माह हुई बोली प्रक्रिया में एक दुकान एसटी के आरक्षित रखी गई थी, लेकिन एक ही पात्र व्यक्ति होने के कारण मान्य नहीं हुई थी, दुकान की दोबारा नीलामी की जाएगी।
नगर पंचायत की बैठक में 29 भवनों के नक्शे पास किए गए। हर वार्ड में तीन-तीन नई स्ट्रीट लाइटें लगाए जाने का भी निर्णय लिया गया। लोगों की सुविधा के लिए लाइटों को लगाने का कार्य शीघ्र ही शुरू होगा। बैठक में नपं में पांच वर्षों से रिक्त चल रहे जेई के पद को भरने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया गया। बैठक में सचिव जगपाल ठाकुर, उपाध्यक्ष ओंकार स्वरूप, पार्षद मीनाक्षी, विकास, अनिल, अनीता, सुनीता और सुमन अटवाल सहित अन्य भी मौजूद रहे।
