
कुल्लू। दो धड़ों में बंटे जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के एक धड़े बालक गुट ने अपनी जिला कार्यकारिणी का गठन भले ही कर दिया हो लेकिन 15 जुलाई को होने वालेे जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के चुनाव पर सबकी नजर है।
देवसदन में होने वाले जिला इकाई के चुनाव को लेकर महासंघ ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला अध्यक्ष पद के लिए महासंघ की ओर से पूर्व प्रदेश महासचिव सेस राम आजाद तथा वर्तमान अध्यक्ष आशु गोेयल रेस में सबसे आगे हैं। बावजूद इसके सेस राम आजाद का पलड़ा भारी बताया जा रहा है। इसको लेकर रविवार को महासंघ के नेता अपनी-अपनी गोटियां फिट करते रहे तथा घरद्वार जाकर कर्मचारियों से मुलाकात की। प्रधान पद के दावेदार एसआर आजाद ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जिला के सभी सात खंडों के चुने गए प्रधान, महासचिव और डेलीगेटस जिसका नाम भी आगे करेंगे वह स्वागत योग्य है। वहीं आशु गोयल और एलआर गुलशन ने इस पूरे फैसले को चुनावी प्रक्रिया पर छोड़ते हुए कहा कि कर्मचारी हित के लिए कर्मचारी वर्ग जो भी फैसला लेंगे वह उसका समर्थन करेगे।
