
संतोषगढ़ (ऊना)। लाखों-करोड़ों की राशि खर्च किए जाने की घोषणाओं के बावजूद सड़काें की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ है। स्थिति ज्यों की त्यों बनी है। संपर्क मार्गों की दशा सुधारा जाना तो दूर की बात है, मुख्य सड़कों पर भी पैच वर्क से काम चलाया जा रहा है।
प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्तासीन होने के चार माह गुजर जाने के बाद भी संतोषगढ़ क्षेत्र की सड़कें लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। जिला एवं प्रदेश के महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र को पंजाब एवं चंडीगढ़ मार्ग से जोड़ने वाली मुख्य सड़क टाहलीवाल-नंगल मार्ग को नए सिरे से बनाने के लिए भाजपा सरकार के वक्त भी नए सिरे से घोषणाएं हुई। मगर ऐन वक्त पर चुनाव आचार संहिता लागू होने से सड़क निर्माण नहीं हो सका। संतोषगढ़ नगर से पंजाब के नूरपुर बेदी की ओर जाने वाली सड़क भी कई जगहों पर धंस गई है। वहीं, नगर से सनोली, ऊना बाया खानपुर-नंगड़ा की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग भी खस्ताहाल हैं। स्थानीय लोगों मुकेश कुमार, हितेश, रजनीश, अतुल कुमार, नरेश कुमार, अमित शारदा, रजत कुमार, नितिन चब्बा, अमन वर्मा का कहना है कि क्षेत्र की सड़कों को सुधारने के लिए वर्तमान एवं पूर्व सरकारों ने केवल कोरे आश्वासन ही दिए।
