
हरिपुर (कुल्लू)। ऊझी घाटी की करजां पंचायत के करजां गांव में दो हफ्ते से पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। पानी की समस्या से जूझ रहे लोगों का कहना है कि वे साथ लगते दूसरे गांवों से पानी ढोने को विवश हैं। ग्रामीणों को पशुओं के लिए पानी का जुगाड़ करना मुश्किल हो गया है। 26 जून को यहां भारी बारिश के चलते करजां नाले में बाढ़ आने से गांव के लिए जोड़ी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण पेयजल सप्लाई ठप पड़ गई।
पाइप लाइनों को टूटे हुए दो हफ्ते से अधिक का समय हो चुका है लेकिन इनकी रिपेयर नहीं की जा रही। इससे लोगों में विभाग के प्रति रोष है। ग्रामीण तीर्थराज, राम लाल, विजय कुमार, अशोक तथा लाल चंद, सीमा देवी और हीरा देवी ने कहा कि पानी की सप्लाई ठप पड़ने से लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनके गांव को जोड़ी गई पाइप लाइन बाढ़ की चपेट आने से टूट गई थी। लोगों ने आईपीएच महकमे से जल्द पानी की सप्लाई ठीक करने का आग्रह किया है।
आईपीएच मनाली के सहायक अभियंता योगेश कुमार ने कहा कि बीते दिनों आई बाढ़ का मलबा हटाती बार लोनिवि की मशीनरी से पाइपों को नुकसान पहुंचा था। इससे पानी की सप्लाई कुछ हद तक प्रभावित हुई थी। विभाग ने विकल्प के तौर पर रबड़ की पाइपों से गांव को पानी की सप्लाई बहाल रखी है। टूटी पाइपों की जगह नई पाईपों को बिछाया जा रहा है। एक-दो दिन में काम पूरा हो जाएगा।
