
टाहलीवाल (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र बाथड़ी में एक फैक्टरी में कार्यरत कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है, जबकि मामले के संबंध में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिले में तीन दिन के भीतर करंट लगने से यह तीसरी मौत है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाथड़ी के एक निजी उद्योग में कार्यरत 31 वर्षीय युवक सुनील कुमार निवासी मैहतपुर देर शाम को फैक्टरी में काम कर रहा था कि अचानक करंट की चपेट में आने वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फैक्टरी में कार्यरत अन्य कर्मचारियों ने उसे तुरंत बाथड़ी प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टमकरवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है, जबकि मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
