करंट लगने से युवक की मौत

भोरंज (हमीरपुर)। दरब्यार पंचायत निवासी अनिल कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। अनिल रविवार रात दुकान से घर लौट रहा था। घटना का पता सोमवार सुबह चला, जब कुछ युवक दौड़ लगाने के लिए निकले थे। उन्होंने अनिल को मंदिर के पास पड़े हुए देखा, जिसकी सूचना लोगों के साथ ही पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अनिल परिवार का इकलौता लड़का था। अनिल के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।
जानकारी के अनुसार दरब्यार पंचायत के जंडल निवासी अनिल कुमार पंजोत में दुकान करता था। रविवार शाम को तूफान और बारिश को दौर शुरू हो गया। रात करीब नौ बजे अनिल दुकान से घर के लिए निकला था। अनिल रास्ते में पड़ने वाले शिव मंदिर में माथा टेकने के लिए चला गया। बिजली की तारें टूटकर मंदिर की सीढ़ियों पर पड़ी थीं जिसे हटाने के लिए अनिल आगे बढ़ा। जैसे ही तार को हाथ से उठाया तो उसे करंट लग गया। घर वालों ने अनिल को फोन भी किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सोमवार सुबह दौड़ लगा रहे युवक मंदिर के पास से गुजरे तो अनिल को देखा। युवकों ने सूचना गांववालों को दी। इसके पश्चात पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है।
उधर, डीएसपी मुख्यालय शिव कुमार ने मामले की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts