
ऊना। जिला मुख्यालय के लालसिंगी में करंट लगने से बिहार निवासी एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा लिया है, जबकि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लालसिंगी क्षेत्र में वीरवार सुबह बारिश के दौरान बिजली सप्लाई ठप हो गई। बारिश रुकने पर बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने खंभे पर चढ़ने के लिए इसी क्षेत्र में बसे प्रवासियों से सीढ़ी मंगवाई। इसके चलते बिहार के रेड़िया जिला का निवासी महेंद्र ऋषिदेव पुत्र पुठलू ऋषिदेव सीढ़ी लेकर पहुंचा और खंभे से सीढ़ी लगा उस पर विद्युत कर्मी को चढ़ा दिया। काम के दौरान महेंद्र सीढ़ी को पकड़े खड़ा था। काम खत्म होते ही सीढ़ी खंभे से फिसल गई। इस दौरान विद्युत कर्मी ने छलांग लगा दी, लेकिन गीली जमीन पर नंगे पांव खड़ा महेंद्र सीढ़ी को संभालने में लग गया, लेकिन सीढ़ी खंभे से फिसल कर तारों में जा उलझी। इसके चलते वह करंट की चपेट में आकर मौत का शिकार हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से महेंद्र को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसपी केसी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। मामले के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी गई है।
