
ऊना। हिमाचल प्रदेश के नंबर वन समाचार पत्र ने समूर कलां में मंगलवार को चौपाल का आयोजन किया। सहायक आयुक्त एसके पराशर की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियाे और कर्मचारियों ने शिरकत की और जन समस्याएं सुनीं। उनके हल के संदर्भ में कदम भी उठाए। जबकि कुछ गंभीर समस्याओं को अधिकारियों ने हल करने के लिए अपनी नोटिंग में रखते हुए जल्द कार्यवाही का भरोसा दिया।
समूर कलां निवासी राकेश शर्मा ने घराे के समीप लकड़ी के जर्जर खंभों का मसला उठाया। खंभों को बदलने की मांग भी की। समूर कलां के पिरथी चंद, बरनोह के बिहारी लाल और आशा देवी, झंबर के राजन शर्मा ने घरों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को बड़ा खतरा बताते हुए उन्हें हटाने को कहा। समूर कलां के दर्शन कुमार ने विभाग को बताया कि उनके घर के पास स्थित खंभे में बरसात में करंट आ जाता है, जो बड़ा खतरा है। समूर कलां के बिहारी लाल, राकेश शर्मा, द्वारका दत्त शर्मा, प्रीतम चंद ने ड्रेनेज सही न होने के चलते ऊना हमीरपुर हाईवे से बरसाती पानी के घरों में घुसने का मामला रखा। कुरियाला की प्रधान चरणी देवी ने सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों को कटवाने की मांग की। बरनोह की प्रधान जसमेर देवी ने जोल से हलेड़ बाया छलबड़-भोड़-कुरियाला सड़क मार्ग का काम बंद होने का मसला उठाया। बरनोह में निश्चित बस स्टॉप की मांग भी की।
झंबर की प्रधान पूनम शर्मा ने गांव में पेयजल और सिंचाई व्यवस्थाओं के बदहाल होने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पेयजल आपूर्ति सुचारु नहीं है, जबकि गांव की सैकड़ों कनाल भूमि को सिंचाई की सुविधा नहीं है। कुरियाला की प्रधान चरणी देवी ने विभाग को बताया कि गांव में कई स्थानों पर लीकेज से लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। समूर के बंता राम ने भी लीकेज के कारण घर तक पानी न पहुंचने की बात कही। झंबर की प्रधान पूनम शर्मा ने एसएचओ सदर केएल बैरी से गांव में अज्ञात युवकों के बाइकों पर चक्कर लगाने का मामला भी उठाया और पुलिस गश्त की मांग की। कुरियाला की प्रधान चरणी देवी ने बताया कि स्वां परियोजना के दो रास्तों के निर्माण के लिए परियोजना अधिकारियों को एस्टीमेट बनाकर दिया। लेकिन कोई काम नहीं पाया है। कुरियाला की प्रधान ने कई लोगों के घरों में बिजली के मीटर लगवाने के मामले सौंपे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सदर थाना प्रभारी केएल बैरी, बिजली बोर्ड के एसडीओ एचएन सेठी, लोनिवि के एसडीओ आरडी शर्मा, बिजली बोर्ड के जेई डीआर शर्मा, आईपीएच के जेई दलवीर सिंह, लोनिवि के सुपरवाइजर सोढी राम शर्मा, कानूनगो महेंद्र पाल, पटवारी अशोक शर्मा और पंचायत सचिव राजेश शर्मा भी मौजूद रहे। पंचायत प्रधानों में समूर कलां से मनोहर लाल शर्मा, बरनोह से जसमेर देवी, कुरियाला से चरणी देवी और झंबर से पूनम शर्मा मौजूद रहीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ठाकुर स्टोन क्रशर का भी सहयोग रहा
