कमेटी की देखरेख में दिल्ली जाएगा सेब

पतलीकूहल (कुल्लू)। कुल्लू फलोत्पादक मंडल की बैठक में सेब को सुरक्षित तरीके से मंडियों तक पहुंचाने के लिए ट्रांसपोर्ट कमेटी का गठन किया गया। कमेटी का अध्यक्ष जिप सदस्य दिनेश सेन को बनाया गया। मंगलवार को बागवान भवन माहिली में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष महेंद्र उपाध्याय ने की। इसमें सेब सीजन को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।
उन्होंने बताया कि ट्रांसपोर्ट कमेटी का काम सेब को सुरक्षित तरीके से मंडियों तक पहुंचाना है। पूर्व में कई शातिर बागवानों को लाखों रुपये का चूना लगा चुके हैं। इस बार सेब को लाने और ले जाने का काम खुद कमेटी देखेगी। बैठक में कई लोगों ने सेब को महफूज तरीके से मंडियों तक पहुंचाने को लेकर खस्ताहाल सड़कों का मसला भी उठाया। लिहाजा सीजन से पहले नेशनल हाइवे समेत संपर्क मार्गों की दशा सुधारने का आग्रह प्रदेश सरकार से किया। मंडल भवन में धूल फांक रही लाखों रुपये की पत्ती विश्लेषण मशीन तथा लैब को फिर से शुरू करने का फैसला लिया गया। बैठक में सब्जी मंडी को पतलीकूहल से 15 मील ले जाने पर भी चर्चा हुई।
मंडल अध्यक्ष महेंद्र उपाध्याय का कहना है कि इस बार घाटी में सेब की बंपर फसल है। पलम सीजन के दौरान ही पतलीकूहल मंडी में तिल धरने को जगह नहीं मिल रही थी। ऐसे में सेब सीजन के दौरान कैसा रश पड़ेगा इसकी सहज ही कल्पना की जा सकती है। बहरहाल मंडी को खुली जगह पर ले जाने के लिए वे उचित फोरम पर इस बात को रखेंगे। बैठक में उपप्रधान ओम प्रकाश, महामंत्री कृपाल चंद, भगतराम, अजय, निर्मल सिंह, लालचंद, देवीराम और सेवाचंद मौजूद रहे।

Related posts