
कुल्लू। पीजीटी (आईपी) कमीशन पास अभ्यर्थियों ने सरकार और शिक्षक विभाग से जल्द स्कूलों में तैनाती देने की मांग की है। पीजीटी (आईपी) कमीशन पास संघ कुल्लू के प्रधान सोमेश डोगरा और जिला मंडी के प्रधान सुनील कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूलों में 12 वर्ष से सेवा दे रहे 1700 शिक्षक होने का दावा सरेआम गलत है। एक हजार के लगभग पुराने आईटी शिक्षक अपनी नौकरी छोड़ चुके हैं, तीन-चार सौ पुराने शिक्षक ही आज तक सेवाएं दे रहे होंगे। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में निजी कंपनी द्वारा तैनात आईटी शिक्षक भी पीजीटी परीक्षा में बैठे थे। इनमें कुछ एक शिक्षक ही पास हुए हैं और अधिकांश आईटी शिक्षक इस परीक्षा में असफल रहे हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा में असफल रहे अभ्यर्थी सरकार को कंप्यूटर शिक्षक बनकर गुमराह कर रहे हैं। इससे पीजीटी (आईपी) अभ्यर्थी परेशान हैं। उन्होंने सरकार और विभाग से असफल रहे अभ्यर्थियों को कमीशन पास करके शिक्षक बनने की सलाह देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि निजी कंपनी के शिक्षकों को अनुबंध या सोसाइटी के तहत रखा गया है। उन्होंने बताया कि कमीशन पास अभ्यर्थी भविष्य में पीजीटी (आईपी) की भर्ती प्रक्रिया कभी होने नहीं देंगे। उन्होंने बताया कि अगर सरकार और विभाग ने इन कंप्यूटर शिक्षकों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो कमीशन पास अभ्यर्थी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
