
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली की प्रमुख मार्केट कमला नगर में खरीददारी के लिए आने वाले लोगों को इस माह के बाद अपनी कार पार्क करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। अब वह मल्टीलेवल ऑटोमेटिक पार्किंग में अपनी कार खड़ी कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस पार्किंग में कार खड़ी करने के लिए जगह खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें पार्किंग लॉबी तक अपनी कार लेकर जाना होगा। इसके बाद मशीन अपने आप ही उनकी कार को उपयुक्त खाली जगह में ले जाकर खड़ी कर देगी। कुछ इसी तरह उनकी कार उनको वापस भी मिल जाएगी। कमला नगर में पीपीपी मॉडल पर मल्टीलेवल ऑटोमेटिक कार पार्किंग बनकर तैयार हो गई है। इस पार्किंग का निर्माण उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने कराया है। पार्किंग में कार खड़ी करने का ट्रायल 15 जुलाई से शुरू होगा। करीब 10 दिन तक पार्किंग ट्रायल जारी रहेंगे। इसके बाद इसका विधिवत उद्घाटन करके कार पार्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। मेयर आजाद सिंह ने बताया कि पार्किंग की नौ मंजिल है। सात मंजिल अंडरग्राउंड है जिनमें 828 कार खड़ी हो सकती है। जबकि ऊपरी दो मंजिलों पर व्यवसायिक गतिविधियां होगी। अहम यह है कि इस पार्किंग का निर्माण वैसे तो कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले होना था, लेकिन विभिन्न विभागों की आपत्तियों के चलते तय समय से करीब तीन साल बाद पार्किंग बनकर तैयार हो पाई है। तीनों नगर निगम के इलाके में विदेशों जैसी यह पहली पार्किंग बनकर तैयार हुई है। खास बात यह है कि दिल्ली में इस तरह की 15 पार्किंग स्पेस बनाने की योजनाएं तैयार की गईं थी। मगर अन्य स्थानों पर पार्किंग बनाने का कार्य शुरू भी नहीं हुआ है।
