
मुबारिकपुर (ऊना)। उपमंडल अंब के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलैहड़ में हुई आगजनी की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। केंद्र के कमरे से धमकी भरा खत मिला है। जिससे अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया है। खत में शातिर ने एक चिकित्सक पर महंगी दवाइयां एवं इलाज में कोताही बरतने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने धमकी भरे खत को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चेतावनी पत्र एक चिकित्सक के खिलाफ लिखा गया था तथा अस्पताल स्टाफ ने उक्त पत्र अंब उपमंडल के पुलिस अधिकारी को निरीक्षण के लिए सौंप दिया है। पुलिस ने शातिर की धरपकड़ के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है। उधर, डीएसपी अंब मदन कौशल ने अस्पताल के कमरे से एक धमकी भरे खत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस उक्त पत्र एवं अस्पताल में आग लगाने वाले शरारती तत्व की तलाश कर रही है।
