कमरूनाग व शिकारी देवी में हिमपात

गोहर (मंडी)। उपमंडल में भारी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कमरूनाग और शिकारी देवी में जमकर बर्फबारी हुई। सराजघाटी में बर्फबारी के कारण पथ परिवहन निगम की तीन बसें फंसी हुई हैं। गद्दीधार करसोग बस भी बर्फबारी के कारण आगे नहीं बढ़ पाई है। जिससे सवारियों को मुश्किलें झेलनी पड़ीं।
कुलथनी, च्युणी, शिकावरी और गद्दीधार-करसोग रूट पर चलने वाली बसें भी बर्फबारी के कारण अटक गईं हैं। कुलथनी, च्युणी, बागाचुनोगी, शिकारी देवी, शंकरदेहरा, देवीदहड़, सरोआधार, सजीहणीधार, कमरूनाग और आसपास की पहाड़ियों पर हिमपात जारी है। निचले क्षेत्रों में रिमझिम बारिश के कारण लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हैं। तहसीलदार थुनाग विद्याधर नेगी ने घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बारिश और बर्फबारी से अभी तक कोई नुकसान नहीं हुआ है। पथ परिवहन निगम चैलचौक के अड्डा इंचार्ज भूपेंद्र पाल ने सराजघाटी में तीन बसों के बर्फबारी में फंसने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चालक-परिचालक भी सड़कें बंद होने के कारण च्युणी, कुलथनी और शिकावरी मेें फंसे हुए हैं। कमरूनाग में पांच फुट और शिकारी देवी में करीब सात फुट तक ताजा हिमपात हुआ है। पर्याप्त बारिश और बर्फबारी से किसानों-बागवानों ने राहत की सांस ली है। सराज सेब उत्पादक संघ के प्रधान चतर सिंह ठाकुर ने बताया कि सेब बागीचों में पर्याप्त नमी हो गई है। जिससे आने वाले समय में बंपर फसल की उम्मीद है।
कृषि प्रसार अधिकारी डी पाल कृष्ण ने बताया कि गंदम और मटर की फसलों के लिए बारिश लाभदायक सिद्ध हो रही है। क्षेत्र के किसानों भोला राम, जयचंद, विजय कुमार, पवन कुमार, कश्मीर सिंह, नेत्र सिंह ठाकुर और चमन लाल ने बताया कि फसलों के लिए बारिश और बर्फबारी संजीवनी का काम कर रही है।

Related posts