कबड्डी में बसदेहड़ा ने पेखूवेला को पछाड़ा

मैहतपुर (ऊना)। भारत सरकार युवा मामले व खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण व हिमाचल प्रदेश सरकार के युवा सेवाएं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में करवाई जा रही खंड स्तरीय ग्रामीण खेलों का शनिवार को समापन हो गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसदेहड़ा में स्वामी विवेकानंद पंचायत युवा क्रीड़ा व खेल अभियान के अंतर्गत खंड स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस के सचिव कुमार गौरव सहोड़ बतौर मुख्यातिथि उपस्थित हुए। कुमार गौरव सहोड़ ने खंड स्तरीय ग्रामीण खेलों के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के समुचित विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने खेलों के उत्थान के लिए नए कोचों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इसके अलावा खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि में भी इजाफा किया है। खंड स्तरीय पाइका खेलों में 100 मीटर दौड़ का खिताब सिमरनजीत कौर ने अपने नाम किया, जबकि निशा दूसरे तथा सीमा तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कों की 3000 मीटर दौड़ में देसराज अव्वल रहे। सौरभ ने दूसरा तथा जसवीर ने तीसरा स्थान अर्जित किया। लड़कियों के वर्ग में वॉलीबाल का खिताब पेखूबेला की लड़कियों ने मेजबान बसदेहड़ा को पराजित कर जीता, जबकि लड़कों के वर्ग का खिताब मलूकपुर के नाम रहा। लड़कियों की कबड्डी स्पर्धा में मेजबान बसदेहड़ा ने पेखूवेला को हराया। लड़कों में देहलां ने सनोली को पराजित कर खिताब पर कब्जा किया। बास्केटबाल में लोअर देहलां की लड़कियों ने अप्पर देहलां को पराजित कर ट्रॉफी जीती। लड़कों में मैहतपुर ने देहलां को हराया। लड़कियों के बैडमिंटन सिंगल्स में आभा ने पहला, कशिश ने दूसरा तथा प्रेरणा ने तीसरा स्थान पाया। डबल्स में रीना/शीला की जोड़ी ने आभा/आकांक्षा की जोड़ी को पराजित किया। इस मौके पर खंड स्तरीय खेलों के इंचार्ज व वॉलीबाल कोच सतीश शर्मा, जिला ओलंपिक संघ के सचिव राजेश शर्मा, हैंडबाल संघ के प्रवीण दुबे बिट्टा, कार्यकारी जिला खेल अधिकारी ईश्वर चौधरी, कुलदीप, भागीरथ, चंद्रमोहन शर्मा, कांता पराशर, अश्वनी सत्ती, धर्मपाल, सचिन व शाम कुमार आदि उपस्थित थे। ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता के आयोजक जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के कार्यकारी जिला खेल अधिकारी ईश्वर चौधरी ने बताया कि बैडमिंटन में लड़कियों के एकल मुकाबले में कशिश ने काजल को, प्रेरणा ने आकांक्षा को तथा आभा ने नेहा को पराजित किया। लड़कियों की 400 मीटर दौड़ में सिमरनजीत कौर प्रथम, प्रिया द्वितीय तथा निशा तृतीय रही। जबकि 1500 मीटर में अमनजीत कौर पहले, सीमा दूसरे तथा ममता तीसरे स्थान पर रहीं। लड़कों के वर्ग की 800 मीटर दौड़ में आयूष शर्मा प्रथम, अंकित द्वितीय तथा हरप्रीत तृतीय रहा। 1500 मीटर में आयूष शर्मा ने पहला, सुमित ने दूसरा और जसवीर ने तीसरा स्थान अर्जित किया।

Related posts