कबड्डी में केलांग-1 ने मारी बाजी

केलांग। गोशाल में जिला स्तरीय प्राथमिक स्कूलों की खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता वीरवार को शुरू हो गई है। प्रतियोगिता का शुभारंभ लाहौल पंचायत प्रधान संघ के अध्यक्ष वीर सिंह ने किया। शुभारंभ अवसर पर बच्चों ने मार्च पास्ट किया। प्रतियोगिता में केलांग-1, केलांग-2 और उदयपुर ब्लॉक के करीब तीन सौ बच्चे भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय टीम के लिए चयन किया जाएगा। टूर्नामेंट में छात्र और छात्रा दोनों वर्गों की कबड्डी, वॉलीबाल, बैडमिंटन, खो-खो सेमत एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर बच्चों को संबोधित करते हुए वीर सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद बच्चों के चहुंमुखी विकास के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि घाटी की विषम भौगोलिक पृष्ठ भूमि में पलने-बढ़ने वाले बच्चों में विशेषकर एथलेटिक्स जैसे खेलों में अतिरिक्त शारीरिक क्षमता मौजूद है। बच्चों को केवल एक अदद अच्छे कोच की आवश्यकता है। टूर्नामेंट के प्रेस सचिव राजेंद्र रांगबा ने बताया कि 13 जुलाई को टूर्नामेंट का समापन होगा। उन्हाेंने बताया कि अंतिम दिन तीन खंडों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के पहले दिन छात्र वर्ग के कबड्डी मैच में केलांग-1 ने केेलांग-2 को एक अंक के अंतर से हराया। छात्रा वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में उदयपुर ने एक तरफा मुकाबले में केलांग-2 को शिकस्त दी।

Related posts