
सतौन (सिरमौर)। गिरीपार क्षेत्र के अंतर्गत शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा तथा उसके आसपास के दर्जनों स्कूलों में दसवीं परीक्षा का परिणाम बेहद खराब रहा है। क्षेत्र के मस्तभोज में परीक्षा परिणाम बेहद शर्मनाक रहा है। दसवीं के नतीजों को लेकर क्षेत्र के लोगों में गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का साफ कहना है कि स्कूलों में लगभग 70 फीसदी शिक्षकों के पद खाली चल रहे हैं। इसका खामियाजा अभिभावकों तथा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। जामना स्कूल में 81 में से 9 बच्चे पास हुए हैं। जबकि शरली स्कूल में 35 छात्रों में से पांच बच्चे पास हुए हैं। कफोटा स्कूल का भी यही हाल है। यहां 116 छात्रों में से मात्र 30 छात्र पास हुए हैं। कमरऊ स्कूल में 57 में से 13 बच्चे पास हुए हैं। कठवाड़ स्कूल में 33 में से 10 बच्चे पास हुए। चांदनी स्कूल का परीक्षा परिणाम भी बेहद घटिया रहा। यहां कुल 84 बच्चों में से 36 बच्चे पास हो सके। उधर, ग्रामीणों ने सरकार तथा शिक्षा विभाग को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि तत्काल प्रभाव से स्कूलों में रिक्त पदों को नहीं भरा गया तो वह आंदोलन छेड़ देंगे। ग्रामीणों का कहना था कि वह अपने बच्चों का भविष्य बर्बाद होते नहीं देख सकते।
उधर, इस मसले पर शिलाई विधायक बलदेव सिंह तोमर ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने सभी स्कूलों को खाली कर दिया है। बदले की भावना से शिक्षकों को दूसरे स्थानों पर भेज दिया है। जबकि नई नियुक्ति को पूरी तरह से बंद कर दिया है। पिछले पांच माह में ही कांग्रेस सरकार ने शिक्षा विभाग का बंटाधार करके रख दिया।
