
हमीरपुर। जिला मुख्यालय स्थित कन्या स्कूल में भी स्थितियां अच्छी नहीं हैं। कहा जाए तो बाल स्कूल की अपेक्षा कन्या स्कूल की अनदेखी का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। स्कूल परिसर में असुरक्षित भवन खड़ा है, रसायन प्रयोगशाला भी जर्जर हाल कमरे में चल रही है। कुछ कक्षा के कमरों में बारिश होने पर पानी टपकने लग पड़ता है। प्रशासनिक भवन भी पुराने बने ढांचे में चल रहा है।
स्कूल में पांच सौ के करीब छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। परिसर में स्थित असुरक्षित घोषित भवन में पहले प्राथमिक स्कूल चलता था। स्कूल नए भवन में स्थानांतरित होने के पश्चात कैंटीन, एनएसएस कक्ष बनाया गया है। साथ ही मिड डे मील योजना के तहत बनाई गई रसोई भी स्थित है। दोपहर के समय छात्राओं को उक्त भवन में ही भोजन करवाया जाता है।
कैंटीन में अध्यापकों, छात्राओं का भी आना जाना लगा रहता है। स्कूल प्रबंधन की योजना असुरक्षित भवन के स्थान पर नया भवन बनाने की है लेकिन यह तभी होगा यदि प्रशासन से डिसमेंटल करने की अनुमति मिल जाए। एक अन्य पुराने भवन में रसायन विज्ञान की प्रयोगशाला चलती है। भवन को असुरक्षित नहीं किया गया है परंतु भवन की हालत स्वयं सारी स्थिति बयां कर देती है।
स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों सुरेखा कुमारी, पूनम शर्मा, रंजना देवी का कहना है कि छात्राओं के लिए भवन की आवश्यकता है, जिसका मसला शिक्षा विभाग के साथ उठाया जा रहा है। साथ ही परिसर में स्थित असुरक्षित भवनों को लेकर भी प्रशासन से बात कर कदम उठाने का आग्रह किया जाएगा।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक आरसी तबियाल का कहना है कि स्कूल प्रबंधन से रिपोर्ट लेकर जल्द ही कदम उठाए जाएंगे। समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
तो हमें दें जानकारी …..
यदि आपके आसपास स्थित स्कूल भवन की हालत खस्ता है, बच्चों को बैठने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है। बार-बार आग्रह के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है तो हमें बताएं हम आपकी समस्या को बेहतर ढंग से विभाग के समक्ष उठाएंगे। सरकारी स्कूलों में सुविधाओं को लेकर आप हमें अपनी प्रतिक्रिया भी भेज सकते हैं। विभाग को सुझाव भी दिए जा सकते हैं, आप हमें निम्न नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
कार्यालय दूरभाष….01972-221540, फैक्स…..01972-221720
