
कोटली (मंडी)। सांसद प्रतिभा सिंह ने सोमवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल कड़कोह में 65 लाख की लागत से निर्मित विज्ञान प्रयोगशाला और 12 लाख से बने उपस्वास्थ्य केंद्र भवन लागधार का उद्घाटन किया। इस मौके पर ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा मौजूद रहे।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि सदर क्षेत्र में 173 लाख से रोडानाला-ढंढाल सड़क, 205 लाख से जबलाही-कड़कोह, 356 लाख से रोडानाला-अरठी-ढलवाणी सड़क और 215 लाख से आडाकैंची-कुसमल सड़क का निर्माण किया जा रहा है। मंडी शहर के लिए 84 करोड़ की पेयजल योजना स्वीकृत हुई है। इससे शहर में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। विद्युत सुधार गतिविधियों पर चालू वित्त वर्ष में 4 करोड़ 25 लाख खर्च किए जा चुके हैं।
उन्होंने कड़कोह में निकट भविष्य में बैंक की शाखा खोलने का आश्वासन भी दिया। सांसद निधि से शमशानघाट कड़कोह और लागधार के लिए दो-दो लाख, सूराडी लिंक रोड को तीन लाख, पाटन महिला मंडल भवन को एक लाख, फुटब्रिज धंयारा के लिए डेढ़ लाख, मझवाड़ में स्टेडियम के लिए ढाई लाख और राजकीय उच्च स्कूल खलाणू के खेल मैदान के लिए डेढ़ लाख देने की घोषणा की।
ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि सदर विस क्षेत्र के लोगों को सभी सुविधाएं घरद्वार पर उपलब्ध करवाए के प्रयास किए जा रहे हैं। 191 मेगावाट कून-का-तर पन विद्युत परियोजना का कार्य भी शीघ्र आरंभ किया जाएगा। प्राइमरी स्कूल कड़कोह के भवन को लोगों की सुविधा अनुसार निर्मित किया जाएगा। आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी कड़कोह के भवन निर्माण के लिए अधिकारियों को प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। प्रतिभा ने इस दौरान 95 लाख से 10 किलोमीटर लबी कैंचीमोड-खपरेड़ा-तरनोह सड़क और 12 लाख 50 हजार से निर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र बरयारा का उद्घाटन किया।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नारायण सिंह गुलेरिया, भूमि विकास बैंक के निदेशक रवि सिंह ठाकुर, अजा जिला कांग्रेस के अध्यक्ष राजेंद्र मोहन, जिप सदस्य चंपा ठाकुर, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता केहर सिंह ठाकुर, सीएमओ डा. हेमंत कपूर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक शिक्षा सुशील पुंडीर, यशकांत कश्यप और कडकोह की प्रधान नीलम कुमारी मौजूद रहे।
