
भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला कंज्याण का रसोई घर गिरने की कगार पर है लेकिन विभाग द्वारा अभी तक नहीं हटाया गया है। मिड डे मील वर्करों को खासी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। स्कूल प्रबंधन समिति निर्माण कार्य पर सवाल खड़ा करते हुए जांच की मांग कर चुकी है। समस्या के प्रति स्कूल प्रबंधन को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है।
एसएमसी प्रधान नरेश कुमार, वार्ड सदस्य रणजीत सिंह, जीवना देवी, पुष्पा आदि का कहना है कि रसोई घर के लिए 60 हजार रुपये स्वीकृत हुए थे लेकिन एसएमसी कमेटी द्वारा एस्टीमेट बनवाया गया तो मात्र 17 हजार रुपये भवन पर खर्च किए पाए गए हैं। स्कूल प्रबंधन समिति ने सारे मामले की जांच की मांग की। रसोई घर भवन की हालत इतनी खस्ता है कि ये कभी भी गिर सकता है। रसोई घर में सामान तक नहीं रखा जाता है। मौसम साफ होने पर खुले में मिड डे मील पकाया जाता है। रात के समय मिड डे मील का सामना स्कूल के कमरों में रखा जाता है। ऐसे में मिड डे मील वर्करों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों को लगभग प्रतिदिन भवन से दूर रहने के दिशा निर्देश जारी किए जाते हैं। वर्ष 2008-09 से भवन की हालत काफी जर्जर है लेकिन अब तक विभाग ने गिराने की जहमत नहीं उठाई है। उधर, बीईईओ भोरंज भागीरथ का कहना है कि शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर को समस्या से अवगत करवा दिया गया है।
