
नई दिल्ली। आने वाले दिनों में राजधानी में जो चमचमाते फ्लाईओवर और फुटओवर ब्रिज (एफओबी) दिखेंगे। इसका ढांचा मेटल का होगा और इसमें लगे साउंड प्रूफ बैरियर से शोरगुल भी थमेगा। दिल्ली सरकार सड़कों पर कंक्रीट के ढांचों से तौबा करने जा रही है। अब अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप भविष्य में सभी प्रोजेक्ट स्टील से तैयार होंगे।
पीडब्ल्यूडी इसकी शुरुआत आईटीओ के स्काई वॉक से करेगा। इसका पूरा ढांचा स्टील का होगा। पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ऐसे प्रोजेक्टों की लागत बेशक थोड़ी ज्यादा होगी, लेकिन स्टील का ढांचा कई लिहाज से ज्यादा सहूलियतमंद होगा। पीडब्ल्यूडी, फ्लाईओवर जोन के चीफ इंजीनियर सर्वज्ञ श्रीवास्तव के मुताबिक, अब से बनाए जाने वाले हमारे सभी फ्लाईओवर प्रोजेक्ट में मेटल का इस्तेमाल होगा।
राहगीरों की सहूलियत के लिए पीडब्ल्यूडी की आईटीओ पर स्काई वॉक बनाने की योजना है। स्टील के ढांचे से यहां की नजदीकी इमारतों को जोड़ा जाएगा। सतह से स्काई वॉक की ऊचांई करीब 5.50 मीटर होगी। बस स्टाप पर बस छोड़ पैदल यात्री आसानी से अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे। उन्हें हैवी ट्रैफिक के बीच सड़क पर दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। विभाग ने योजना का खाका तैयार कर लिया है। फिलहाल उपराज्यपाल की मंजूरी के लिए इसे यूटीपैक के पास भेजा गया है।
