औषधालय का ताला नहीं हटा तो आंदोलन

काईस (कुल्लू)। घाटी के पीणी-तलपीणी पंचायत में पशु औषधालय में छह माह से ताला लटका है। इससे पशुपालक परेशान हैं। लोगों का कहना है कि वे कई बार विभाग से इस बारे में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। क्षेत्र के पीणी, तलपीणी, कसलादी, शायटा, टिक्कर, गजियारी, रसोलीबेहड़, ढनाली, थड़ेई रोमासेरी, कोलीबेहड़, अप्पर बनाशा, बनाशा, भेगटा,फलाटी, गिरवा कोठी, थलेई, और कराड गांव के पशुपालक इसी औषधालय पर आश्रित हैं। ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का हल नहीं निकाला गया तो मजबूरन आंदोलन छेड़ देंगे। तलपीणी पंचायत के उपप्रधान मोहर सिंह ठाकुर, पीणी पंचायत की प्रधान मीना देवी, वार्ड पंच कसलादी धर्म चंद, तलपीणी के वार्ड पंच हुकम चंद, महेंद्र, चोलू राम, राजकुमार, हिम सिंह, वेद राम, केशव राम, शिव राम, कौले राम, हरी राम, नूप राम, विमला, सुरजू राम ने बताया कि करीब छह माह से ताला लटकने से लोगों को पशुओं का इलाज करवाने में परेशानी हो रही है। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डा. केके शर्मा ने बताया कि डिस्पेंसरी में फार्मासिस्टों की कमी के चलते समस्या हो रही है। विभाग के आलाधिकारियों को अवगत किया जा चुका है।

Related posts