और लोगों ने सोचा कि बाढ़ आ गई

हरोली (ऊना)। भदौड़ी गांव में कुछ शरारती तत्वों ने रात को ऊना-रामपुर-जैजों पुराना मार्ग मशीन से खोद डाला। सड़क खोदने के बाद उन्होंने दो जगह मिट्टी और पत्थर के ढेर लगा दिए। इससे बरसात का पानी मलबे के ढेरों से टकराकर रिहायशी इलाके में जा घुसा। इससे लोअर भदौड़ी के लोगों में अफरातफरी मच गई। इससे मार्ग पर यातायात भी ठप हो गया। लोगों को लगा कि स्वां नदी में बाढ़ आ गई। ऐसे में कुछ लोग अपने घर से रुपये और आभूषण आदि समेटकर आनन फानन में गांव से भाग निकले। इस बीच कुछ लोगों की नजर सड़क पर लगे मलबे के ढेर पर पड़ी। लोगों ने देखा कि मलबे से टकराकर बारिश का सारा पानी गांव की ओर मुड़ गया है। साथ लगती खड्ड का पानी भी गांव की ओर ही बहने लगा, जिससे गांव में दहशत फैल गई। लोअर भदौड़ी निवासी गुरदेव सिंह, रतन सिंह, इंद्रजीत सिंह, वतन सिंह, बचन कौर, आगो देवी, गगनदीप, स्वर्ण कौर, वीर सिंह, कुलदीप सिंह, मोहित कुमार और राजकुमार आदि ने बताया कि उन्होंने शरारती तत्वों की इस करतूत की शिकायत खंड विकास अधिकारी हरोली से की है। इन लोगों का कहना है कि मलबे से टकराकर गांव में इतना पानी आया कि वे गांव छोड़कर भागने को विवश हुए। स्वर्ण कौर और आगो देवी ने बताया कि उन्होंने तो आनन फानन में घर में रखे रुपये और आभूषण पोटली में बांधे और परिवार को लेकर जान बचाने के लिए अप्पर भदौड़ी की ओर भागे। घालू वाल से पंचायत समिति सदस्य अजय कुमार लवली ने कहा कि किसी ने जेसीबी मशीन से सड़क खोद डाली और सड़क पर मलबे के ढेर लगाए, जिससे यह समस्या उत्पन्न हुई। खंड विकास अधिकारी जय सिंह ठाकुर ने ग्रामीणों की ओर से शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मौके पर जाएंगे और समस्या के समाधान को लेकर उचित कदम उठाए जाएंगे।

Related posts