
कुल्लू। औट-लूहरी मार्ग बंद होने से सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात से मासरू नाला और कोटनाला में भूस्खलन से मार्ग बंद पड़ा है। इस मार्ग पर परिवहन निगम की दो बसें फंसी हुई है।
मार्ग बंद होने के कारण लोगों को भारी भरकम पैसे देकर टैक्सियां करनी पड़ रही हैं। जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। मासरू नाला में भूस्खलन के कारण सड़क धंस गई है। सड़क धंसने से यहां रोड भी बंद पड़ा है। यहां पर एक टैंपों भी सड़क धंसने के कारण गिर गया। मासरू नाला और कोट नाला के बीच कुल्लू-थनोग बस भी फंसी है। आनी-रोहाचला बस भी इस मार्ग पर फंसी पड़ी है। जानकारी के अनुसार इस मार्ग पर करीब एक दर्जन बसें चलती हैं। इन बसों में सवारियों की बदला-बदली की जा रही है। सत्या देवी, सरोज ठाकुर, उमा देवी और संगत राम ने बताया कि मार्ग बाधित होने से लोगों को पैदल सफर करना पड़ रहा है।
लोनिवि आनी के अतिरिक्त सहायक अभियंता एमडी अकेला ने बताया कि शुक्रवार शाम तक मार्ग को बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मार्ग को खोलने के लिए एक जेसीबी मशीन और 40 मजदूर काम पर लगा रखे हैं।
