ओवरलोडिंग पर पुलिस ने कसा शिकंजा

आनी (कुल्लू)। आनी पुलिस ने वाहनों में ओवरलोडिंग पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बस हादसे के बाद पुलिस ओवरलोडिंग वाहनों पर पैनी नजर रख रही है। पुलिस ने जरूरत से अधिक सवारियां ठूंसने पर तीन बसों समेत दस वाहनों के चालान किए।
डीएसपी प्रवीर ठाकुर ने कहा कि ओवरलोडिंग हादसों की एक मुख्य वजह है। इसलिए पुलिस जरूरत से अधिक सवारियां भरने वालों पर नजर रख रही है। उन्होंने बताया कि तीन बसों समेत दस वाहनों से पुलिस ने 11 हजार 800 रुपये जुर्माना भी वसूल किया है। उन्होंने कहा कि निजी हो या फिर सरकारी, किसी भी वाहन में ओवरलोडिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चालकों को हर हाल में ट्रैफिक नियमों का पालन करना होगा। वरना नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी।
डीएसपी प्रवीर ठाकुर ने कहा कि निजी नंबरों और बिना नंबरों की गाड़ियों में सवारियां ढोने वालों को भी छोड़ा नहीं जाएगा। जबकि, सवारी वाहन चलाने वालों को उच्च न्यायालय के आदेशानुसार अपने लाइसेंस को शीशे पर चिपकाना होगा। इतना ही नहीं, मोबाइल सुनते हुए गाड़ी चलाने वाले का पहली बार चालान और दोबारा दोषी पाए जाने पर लाइसेंस और वाहन दोनों जब्त कर लिए जाएंगे। उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि पिकअप, टैपों या ट्रक आदि में खासकर शादी विवाह या जगरातों में सवारियां न ढोई जाएं। उधर, एसडीएम नीरज गुप्ता ने कहा कि आनी क्षेत्र में किसी भी चालक को किसी की जिंदगी से खिलवाड़ करने की कतई इजाजत नहीं दी जाएगी। पुलिस की मुहिम में प्रशासन साथ है।

Related posts