
भोरंज (हमीरपुर)। हमीरपुर के प्राथमिक स्कूलों में छात्रों को दो साल से ओबीसी छात्रवृत्ति नहीं मिली है। हालांकि छात्रों द्वारा छात्रवृत्ति से संबंधित सभी औपचारिकताएं पूरी कर विभाग को भेज दी गई हैं लेकिन दो साल से छात्र ओबीसी छात्रवृत्ति से वंचित हैं। अभिभावकों में शिक्षा विभाग के रवैये को लेकर रोष है।
अभिभावकों में प्रदीप कुमार, सुनील, प्रकाश चंद, सरवण चौधरी, अनिल परमार आदि का कहना है कि प्राथमिक स्कूलों में किसी भी छात्र को दो वर्षों से ओबीसी छात्रवृत्ति नहीं मिली है। छात्रों द्वारा सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद विभाग को भेजी गई है। उन्होंने बताया कि आय प्रमाण पत्र, ओबीसी प्रमाण पत्र और बैंक खाता संख्या सहित दस्तावेज शिक्षा विभाग को भेजे गए हैं लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बावजूद बच्चे छात्रवृत्ति की सुविधा से महरूम हैं।
अभिभावकों का आरोप है कि छात्रवृत्ति संबंधी सारी औपचारिकताएं पूरी करने में करीब 500 रुपये का खर्च होता है लेकिन हैरत की बात है कि विभाग छात्रवृत्ति के नाम पर छात्रों से छलावा कर रहा है। पहली से पांचवीं कक्षा तक के छात्रों को 780 और छठी से आठवीं कक्षा तक के छात्रों को 900 रुपये ओबीसी छात्रवृत्ति मिलती है। प्राथमिक शिक्षक संघ खंड भोरंज के महासचिव विलक्षण ठाकुर ने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से मांग की कि पात्र बच्चों को ओबीसी छात्रवृत्ति तुरंत जारी की जाए।
उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक भूषण मल्होत्रा का कहना है कि स्कूलों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर विभाग को बजट की मांग भेज दी जाती है। उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2011-12 की छात्रृवत्ति की राशि आ गई है, गणना कर जल्द ही छात्रों को वितरित कर दिया जाएगा। वहीं शैक्षणिक सत्र 2012-13 के छात्रवृत्ति राशि अभी नहीं पहुंची है।
