
भोटा/डिडवीं टिक्कर/बड़सर (हमीरपुर)। भोटा और डिडवीं टिक्कर के पास ओएफसी कटने से क्षेत्र की सात एक्सचेंज ठप हो गई हैं। क्षेत्र के सैकड़ों लैंडलाइन फोन बंद हो गए हैं। साथ ही ब्राडबैंड सेवा भी पूरी तरह से बंद पड़ी है। इस कारण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों में दीप कुमार, रोशन लाल, प्रकाश चंद, अनिरुद्ध, कपिल शर्मा, राजीव कुमार, देशराज, अनुपम ठाकुर, रोहित, गुरदीप, दिपी, अंकुश, मनोहर, सविता, मनोरमा, बलबीर सिंह, करतार चंद आदि का कहना है कि शुक्रवार को भोटा, सलौणी, बड़सर, दांदड़ू, गारली, बिझड़ और महारल आदि एक्सचेंज ओएफसी कटने से ठप हो गईं। एक्सचेंज के तहत आने वाले लैंडलाइन फोन ठप हो गए, ब्राडबैंड सेवा भी बंद रही। बैंकों आदि में ब्राडबैंड ठप होने से लोगों को लेनदेन में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कुछेक एक्सचेंज में लोकल फोन सेवा उपलब्ध है। पर, एक एक्सचेंज से दूसरी एक्सचेंज में फोन नहीं हो रहे हैं। कुछेक एक्सचेंज में दूरभाष और ब्राडबैंड सेवा पूर्णतया ठप पड़ी है। देर शाम तक दूरसंचार सेवा बहाल नहीं हो पाई थी।
डिडवीं टिक्कर के पास पहाड़ी धंसने से ओएफसी कट गई है। इससे दूरसंचार सेवा ठप हुई है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
