
नई दिल्ली। देश भर में सीबीएसई के 12वीं के नतीजो में ऑल इंडिया टॉपर बने दिल्ली के पारस शर्मा दाखिले की रेस में पीछे हो गए हैं। कटऑफ का खेल कहें या बेस्ट फोर का खेल, एसआरसीसी कॉलेज की दाखिला सूची में पारस को 16वीं रैंक मिली है। अच्छी बात यह है कि कॉलेज में दाखिले का उनका सपना पूरा हो गया है।
डीयू के नामी कॉलेज एसआरसीसी में दाखिले का सपना हर किसी का होता है। पारस शर्मा भी इसी कॉलेज में इकोनॉमिक्स ऑनर्स में दाखिला चाहते थे। पारस ने कॉमर्स स्ट्रीम के तहत 12वीं में ईको, मैथ, बिजनेस स्टडी व एकाउंट्स में 100 फीसदी अंक हासिल किए थे। वहीं, अंग्रेजी में 95 फीसदी अंक आए थे। डीयू में बृहस्पतिवार को दाखिले की शुरुआत हो गई। एसआरसीसी कॉलेज की कटऑफ 97 से लेकर 99 फीसदी तक गई है। दाखिले के लिए बेस्ट फोर का खेल ऐसा रहा कि पारस ऑल इंडिया टॉपर होने के बावजूद अन्य छात्रों से मात खा गए। एसआरसीसी ने जो सूची जारी की, उसमें पारस के बेस्ट फोर विषयों के आधार पर 98.75 फीसदी अंक बने।
कॉलेज की कटऑफ में 99.63 अंकों के साथ रक्षा जैन ने पहला स्थान पाया। वहीं पहले दस स्थान पर 99 और उससे अधिक पाने वाले रहे। इसके साथ ही 11-12वें नंबर पर दो छात्रों के अंक 98.88 फीसदी बने। पारस की जितनी परसेंटेज पर तीन अन्य छात्रों का नाम आया पारस ने बेस्ट फोर में अपने गणित, एकाउंट्स, इको और अंग्रेजी के अंकों को रखा। इस वजह से उनका नाम 16वें स्थान पर आया। दाखिला लेने के लिए पहुंचे पारस से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उनको यहीं दाखिला लेना था और उनको मिल भी गया। वहीं, 16वें स्थान पर आने पर उन्होंने कहा कि स्टेट बोर्ड व अन्य छात्रों के बेस्ट फोर विषयों के अंक बढ़ने के कारण ऐसा हुआ। वहीं दिल्ली में सरकारी स्कूल के कॉमर्स के टॉपर रहे अंकित सैनी को 76वां स्थान मिला है। उनके बेस्ट फोर के आधार पर 98 फीसदी अंक बने। उनके कुल अंक 97.4 फीसदी थे।
