ऑयल डिपो के स्थानांतरण पर किसान मोर्चा उग्र

अंब (ऊना)। अंब उपमंडल के भंजाल में स्थापित होने वाले इंडियन ऑयल डिपो के स्थानांतरण की सूचना के बाद से ही विरोध के स्वर उठने शुरू हो गए हैं। स्थानांतरण के विरोध में किसान एवं क्षेत्रवासी एकजुट हो गए हैं। इस संबंध में शनिवार को अंब में राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष ठाकुर सीताराम की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में लगभग 60 किसानों सहित स्थानीय जनता ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राष्ट्रीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष ठाकुर सीताराम ने कहा कि दो सितंबर को एक ज्ञापन उपमंडलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री वीरभद्र को सौंपा जाएगा। इसमें भंजाल में स्थापित होने वाले इंडियन ऑयल डिपो के स्थानांतरण को रद कर दोबारा उसे भंजाल में ही स्थापित करने की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने 15 दिन के अंदर फैसला न बदला तो किसान मोर्चा स्थानीय लोगों के साथ मिलकर धरना प्रर्दशन करेगा। इस दौरान हजारों किसानों के साथ अंब-ऊना मुख्यमार्ग को जाम किया जाएगा। उन्होने कहा कि इंडियन ऑयल डिपो की स्थापना से क्षेत्र में लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होने प्रदेश के मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि उपमंडल अंब के विकास के लिए इंडियन आयल के डिपो को भंजाल में ही स्थापित किया जाए।

Related posts