
नई दिल्ली। अलग-अलग जाति से संबंध रखने वाले प्रेमी जोड़े ने घरवालों की मर्जी के खिलाफ आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इसका पता चलते ही लड़की के परिजन बेहद नाराज हो गए और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगे। सोमवार को नव विवाहित जोड़ा पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय पहुंचा और सुरक्षा की मांग की। फिलहाल पुलिस दोनों की मांग पर जांच कर रही है। मामला फर्श बाजार इलाके की एनएसए कॉलोनी का है। यहां सुरेंद्र (26) और वर्षा (23) अपने-अपने परिवार के साथ रहते हैं। सुरेंद्र, डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल में हाउस कीपिंग का काम करता है। जबकि वर्षा के पिता स्थानीय नेता हैं और एक राष्ट्रीय पार्टी से जुड़े हैं। सुरेंद्र ने बताया कि करीब तीन साल से दोनों एक-दूसरे के परिजनों को शादी के लिए मनाने की कोशिश कर रहे थे। सुरेंद्र के परिजन तो इसके लिए तैयार भी हो गए थे। लेकिन वर्षा के परिजन शादी करने को तैयार नहीं थे। लड़की के परिवार की ओर से जारी विरोध के बावजूद दोनों ने जमुना बाजार स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। आरोप है कि शादी होने की बात का पता चलते ही वर्षा के पिता और अन्य रिश्तेदारों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही सुरेंद्र के परिजनों को लगातार जान से मारने की धमकी देने के अलावा गाली-गलौच की जा रही है। इसी वजह से दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
