
धर्मशाला में खेले गए इस ऐतिहासिक मैच के साथ ही भारतीय टीम 900 वनडे मैच खेलने वाली पहली टीम बन गई है। इससे पहले भारतीय टीम धर्मशाला स्टेडियम में वार्मअप करने के लिए पहुंची। इस दौरान इंडियन क्रिकेट टीम के सफल आलराऊंडर व पूर्व कप्तान कपिल देव ने मैदान में पहुंचकर टीम को बधाई दी। इसके साथ ही कपिल देव ने टीम के खिलाड़ी हाॢदक पांडेया को कैप भी पहनाई।
मैच में सुधीर शर्मा-अनुराग ठाकुर की जुगलबंदी
धर्मशाला के एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले वनडे मैच के दौरान प्रदेश के 2 दिग्गज नेताओं में भी जुगलबंदी खूब देखने को मिली। मैच के बहाने ही सही कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा और भाजपा दिग्गज अनुराग ठाकुर भी करीब आए। रविवार को धर्मशाला के एचपीसीए मैदान में वीवीआईपी गैलरी में दोनों नेताओं ने एक साथ मैच का लुत्फ उठाया।
अनुराग और सुधीर के साथ ही केंद्रीय दूरसंचार मंत्री मनोज सिन्हा ने भी मैच का आनंद लिया। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने भी उनके साथ बैठकर ही मैच देखा। इससे पहले डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख संत राम रहीम सिंह जी महाराज रविवार दोपहर स्पाईस जैट की नियमित उड़ान से दिल्ली से गग्गल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनके सैंकड़ों अनुयायियों ने उनका अभिनंदन किया।
विराट की जर्सी बनी सबकी पसंद
भारत-न्यूजीलैंड के मध्य एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला से शुरू हुई 5 मैचों की सीरीज का पहला मैच रविवार को धर्मशाला में खेला गया। एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में खेले जा रहे इस पहले वनडे मैच में विराट कोहली के प्रशंसकों की तादाद सबसे ज्यादा रही। क्रिकेट स्टेडियम में पहुंचे खेल प्रेमियों में अधिकतर लोगों ने विराट कोहली के नाम की लिखी जर्सी को पहन कर अपने पसंदीदा स्टार क्रिकेटर की हौसला अफजाई की। क्रिकेट प्रेमियों के पसंदीदा खिलाडिय़ों में दूसरा नाम कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धोनी का रहा। इसके अलावा भारत-न्यूजीलैंड के मध्य खेली जा रही 5 मैचों की सीरीज में युवराज सिंह के न होने के बावजूद उनके प्रशंसकों की कोई कमी नहीं थी।

