
नई दिल्ली। डीयू के ज्यादातर कॉलेजों में सामान्य वर्ग में जहां सीटों से ज्यादा दाखिले हो रहे हैं, वहीं एससी-एसटी वर्ग की सीटों के भरने का कॉलेज इंतजार कर रहे हैं। कोटे की सीटें भरने में कॉलेज तंग होंगे तो वह कटऑफ कम करने की सोचेंगे। तीसरी लिस्ट के दाखिलों का आज आखिरी दिन है। कॉलेज मानकर चल रहे थे कि एससी-एसटी वर्ग की सीटों को भरने की रफ्तार ज्यादा नहीं तो कम भी नहीं होगी, लेकिन कटऑफ हाई होने से इन वर्गों के ज्यादा दाखिले नहीं हो रहे हैं। कॉलेज एक साथ कटऑफ में कटौती नहीं कर सकते, लिहाजा सीटें भरने के लिए इसमें धीरे-धीरे कमी की जाएगी। रामजस कॉलेज की एडमिशन कनवीनर आरआर गोयल ने कहा कि वह उम्मीद करके चल रहे हैं कि पांचवीं कटऑफ तक सीटें भर जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन सीटों को हर हाल में भरना है, लेकिन किसी तरह से सीटों से ज्यादा दाखिला न हो, इस बात को ध्यान में रखते हुए ही कटऑफ में कमी की जाएगी। चौथी लिस्ट के बाद स्थिति साफ हो पाएगी। आईपी कॉलेज में भी कोटे वाले दाखिले कम हो रहे हैं। यहां की मीडिया को-ऑर्डिनेटर मनस्विनी योगी कहती हैं कि धीरे-धीरे कटऑफ कम करेंगे, दाखिले के लिए छात्र आने लगेंगे। उन्होंने कहा कि इन सीटों को कटऑफ कम करके ही भरना होगा। हंसराज कॉलेज में भी इन वर्गों के लिए दाखिले की गुंजाइश बरकरार रहेगी। गौरतलब है कि एससी-एसटी वर्ग के लिए पहले सीटें आवंटित की जाती थीं, जबकि इस बार कटऑफ के आधार पर दाखिले दिए जा रहे हैं। जानकार मान रहे हैं कि हाई कटऑफ के कारण कॉलेजों को इन सीटों पर ज्यादा छात्र नहीं मिल पा रहे हैं।
