
चौंतड़ा (मंडी)। चौंतड़ा और आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों में प्रतिबंधित खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए व्यापारियों और दुकानदारों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू दिया है। एसडीएम किशोरी लाल ने विभिन्न विभागीय कर्मचारियों के गठित दल और पुलिस सहित चौंतड़ा से एहजू तक बाजारों का सोमवार शाम को छापे मारकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एसडीएम ने चौंतड़ा बाजार में सरकारी लघु मार्केट भवन की दुकानों का भी निरीक्षण किया और व्यापारियों की समस्याओं को सुना। एसडीएम किशोरी लाल ने लघु मार्केट स्थित कुछ व्यापारियों ने किराया न भरे जाने और दुकान किराया का अनुबंध रिन्यू न करने पर कड़ा संज्ञान लिया। व्यापारियों को दो दिन के भीतर किराया जमा करवाने को भी कहा। एसडीएम ने फल एवं सब्जियों के दामों की सूची को चौंतड़ा बाजार में सार्वजनिक स्थान में प्रदर्शित करने के लिए स्थान चयन करने को पटवार हल्का चौंतड़ा और पसल के पटवारियों को आदेश दिए।
