
हमीरपुर। सर्व शिक्षा अभियान (एसएसए) की वार्षिक योजना में केवल स्कूल वार्षिक ग्रांट तथा मरम्मत कार्य के लिए बजट मिला है। सर्व शिक्षा अभियान के तहत अन्य मदों पर खर्च के लिए बजट का आवंटन नहीं हुआ है। वर्तमान सत्र में केंद्र सरकार से प्राइमरी तथा अप्पर प्राइमरी स्कूलों के लिए 1.05 करोड़ रुपये की राशि ही स्वीकृत हुई है। वार्षिक योजना के तहत स्वीकृत राशि जिला परियोजना कार्यालय को प्राप्त हो चुकी है तथा खंडों को वितरित कर दी गई है। साथ ही संबंधित बीआरसीसी को स्कूलों को बजट राशि आवंटित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों को वार्षिक ग्रांट के तौर पर 43 लाख 77 हजार, और मरम्मत के लिए 57 लाख 30 हजार रुपये, क्लस्टर पर 4 लाख 29 हजार 660 रुपये कंटीजेंसी के तहत मिले हैं।
भोरंज खंड में प्राइमरी, अप्पर प्राइमरी स्कूलों के लिए 22 लाख 20 हजार 400 रुपये, बिझड़ी खंड के लिए 22 लाख 96 हजार 720 रुपये, गलोड़ खंड के लिए 12 लाख 50 हजार 200 रुपये, हमीरपुर खंड के लिए 21 लाख 36 हजार 100 रुपये, नादौन खंड के लिए 12 लाख 98 हजार 940 रुपये, तथा सुजानपुर खंड के लिए 13 लाख 34 हजार 300 रुपये की राशि मिली है। यह राशि दिसंबर 2013 तक खर्च करनी होगी अन्यथा पैसा लैप्स हो जाएगा।
