
चंबा। डिग्री कालेज चंबा में एसएफआई ने बाजी मारते हुए सबसे पहले एससीए चुनाव के लिए पैनल की घोषणा कर दी है। पैनल की घोषणा एसएफआई के जिला सचिव विजय राठौर ने की। बीएससी तृतीय वर्ष के नारायण सिंह को अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा गया है। गैहरा के बीएससी तृतीय वर्ष के अजय कुमार उपाध्यक्ष पद तथा धड़ोग मोहल्ला के बीए द्वितीय वर्ष के मोहित महासचिव पद पर चुनाव लड़ेंगे। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा प्रीति एसएफआई से सहसचिव पद के लिए चुनाव लड़ेगी। अध्यक्ष पद पर चुनाव मैदान में उतरे एसएफआई के परिसर अध्यक्ष नारायण सिंह ने समस्त छात्रवर्ग से एसएफआई के पैनल को वोट करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि छात्र समुदाय में पैठ रखने वाले छात्र नेताओं को पैनल में जगह दी गई है।
