एसएफआई और एबीवीपी ने बोला हल्ला

रामपुर बुशहर। पीजी कालेज रामपुर में एसएफआई और एबीवीपी ने रूसा के विरोध में जमकर हल्ला बोला। दोनों संगठनों ने नारेबाजी कर रूसा को लागू करने के विवि के फैसले को गलत करार दिया। कालेज प्राचार्य के माध्यम से छात्रों ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजा और मांग की कि विवि को रूसा पर पुनर्विचार के आदेश दिए जाएं। छात्र नेताओं ने कहा कि रूसा के तहत जो सेमेस्टर सिस्टम लागू किया गया है उसमें छात्रों को कई परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। वहीं, एक विषय में केवल 120 सीटें निर्धारित किए जाने से विद्यार्थियों को अपने मनपसंद विषयों को पढ़ने से वंचित रहना पड़ रहा है। यहां एक दर्जन से अधिक विषयों के प्रवक्ता नहीं हैं। वहीं, छात्रों के बैठने के लिए कमरों की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। रूसा में विद्यमान तमाम खामियों को दूर किया जाना आवश्यक है। छात्र नेताओं ने कहा कि विवि ने पैसों के लालच में आकर रूसा को जल्दबाजी में लागू कर विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ किया है। छात्र नेताओं ने विवि की कुलाधिपति एवं प्रदेश की राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। एसएफआई ने सोमवार को सुबह क्षेत्रीय कमेटी अध्यक्ष अविनाश चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सचिव रचिका वजीर, श्याम सिंह, अर्वन, बलदेव, प्रदीप, आशीष, सुरेश, राजेश, चिंटू आदि छात्र मौजूद रहे। वहीं, दोपहर बाद हुए एबीवीपी के प्रदर्शन में पूर्व इकाई अध्यक्ष यशपाल चौहान, नगर मंत्री विक्की ठाकुर, जितेंद्र चौहान, रजनी, आरती, मंजू, विपिन, दीपक वर्मा, सुशील, चंद्रेश, गिरधारी लाल, ज्योति, अंजू, इंद्र नेगी, प्रोमिला, सन्नी नेगी, भूपेंद्र, विकेश, संजीव, यशवंत, अनु नेगी, अजय, नरेश आदि छात्र शामिल हुए।

Related posts