
बीजिंगः चीन के एक किसान के लिए ‘एलियन’ के साथ फोटो खींचकर उसे सोशल नेटवर्क साइट पर लगाना इतना महंगा साबित हुआ कि उसे पांच दिन तक जेल की हवा खानी पडी। यह तस्वीर पोस्ट करने के बाद खुद को मिस्टर ली बताने वाला यह किसान अचानक चर्चा में आ गया था।
कुछ लोगों ने कहा कि रस्सी में बंधा यह ‘एलियन’ रबड का है तो कुछ ने इसे सच मान लिया। मिस्टर ली ने दावा किया था कि उनके घर के पास एक उडन तस्तरी उतरी जिसमें बैठे पांच एलियन जमीन पर आ गए। इनमें से एक खरगोश पकडने के लिए बिछाए गए जाल में फंस गया जबकि शेष सभी वापस लौट गए। उसने कहा कि वह मरे हुए ‘एलियन’ को उठाकर घर ले आया और उसे फ्रिज में रख दिया।
स्थानीय अखबार शानडोंग इवनिंग के मुताबिक पुलिस ने ली के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके फोटो को साइट पर से हटाया गया है। पांच दिन तक उसे जेल में रखने के बाद छोड दिया गया। उसने स्वीकार किया कि उसने नकली एलियन बनाकर उसके साथ अपनी तस्वीर खींची थी क्योंकि वह चाहता था कि लोग एलियन में विश्वास करें।
