
भुंतर (कुल्लू)। एलएमएस स्कूल के मार्शल आर्ट खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले रणवीर ठाकुर को स्कूल प्रबंधन ने सम्मानित किया। स्कूल प्रशासन ने उन्हें बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण देने पर यह सम्मान दिया। कोच रणवीर को यह पुरस्कार डीसी राकेश कंवर ने प्रदान किया।
कोच रणवीर ठाकुर ने बताया कि स्कूल के बच्चों ने हाल ही में गोवा में हुई प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर तीन स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। इससे पहले दिल्ली में कराटे प्रतियोगिता में भी बच्चों ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता था। इसके अलावा स्कूल के नौ खिलाड़ी बुशू और दो खिलाड़ी बाक्सिंग में भी राष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके हैं। छह सालों में इस स्कूल की मार्शल आर्ट की टीम जिला स्तर पर बुशू में तीन बार सर्वश्रेष्ठ रह चुकी है। 2011-12 में लड़कों और लड़कियों के वर्ग में पहले स्थान पर रही। जिला बाक्सिंग संघ के प्रधान और मार्शल आर्ट अकादमी के चेयरमैन किशन ठाकुर और महासचिव विपिन चंदेल सहित अन्य पदाधिकारियों ने रणवीर को शुभकामनाएं दी हैं।
