एबीवीवी और एनएसयूआई ने उतारे योद्धा

दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर में एससीए चुनावों की घोषणा के बाद छात्र राजनीति चरम सीमा पर पहुंच गई है। इस बार एबीवीपी एवं एनएसयूआई के बीच सीधा मुकाबला है। शनिवार को एबीवीपी और एनएसयूआई ने अपने चुनावी पैनल घोषित कर दिए। एबीवीपी ने अध्यक्ष पद के लिए बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र भवनीश पराशर पर दांव खेला है। उपाध्यक्ष पद के लिए छात्रा वसुंधरा, महासचिव पद के लिए विशाल तथा संयुक्त सचिव के लिए प्रियंका को मैदान में उतारा है। इसी प्रकार एनएसयूआई ने अध्यक्ष पद के लिए बीए द्वितीय वर्ष के सन्नी कुमार, उपाध्यक्ष पद के लिए बीए तृतीय वर्ष की स्वाति, महासचिव के पद पर बीएससी द्वितीय वर्ष के संदीप एवं सहसचिव पद के लिए हरीश को मैदान में उतारा है। उधर, शनिवार को कॉलेज में माहौल गर्म रहा। हरे पटके धारण कर एनएसयूआई एवं भगवा पटके धारण कर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने पक्ष में खूब नारेबाजी की एवं सभी छात्रों से वोट मांगे। उधर, लिंगदोह सिफारिशों के अनुरूप लडे़ जा रहे चुनावों में दोनों छात्र संगठनों को प्रत्याशियों की खूब कमी खली और अध्यक्ष पद दोनों संगठनों को स्नातक द्वितीय वर्ष से देना पड़ा। फाइनल में पढ़ रहे छात्रों में या तो पिछले वर्षों का कोई अनुत्तीर्ण था या किसी की कंपार्टमेंट थी।

Related posts