एबीवीपी भूख हड़ताल पर बैठी

ऊना। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ऊना इकाई ने कालेज समस्याओं को लेकर एक दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। इकाई उपाध्यक्ष आदित्य पराशर ने कहा कि नए सत्र की कक्षाओं को शुरू हुए लगभग एक माह होने वाला है, लेकिन अभी तक छात्रों को दिन-प्रतिदिन समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कालेज की लाइब्रेरी को जाने वाला रास्ता बनकर तैयार नहीं हुआ है, जिससे छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आदित्य ने कहा कि कालेज में शौचालयों का बुरा हाल है, जिससे छात्रों को कक्षाओं में बैठने में दिक्कत हो रही है। वहीं उन्होंने कालेज प्रशासन से गर्ल्स कॉमन रूम की सफाई और अन्य समस्याओं को जल्द सुधारने की मांग की है। इसके अलावा एबीवीपी ने रूसा का विरोध करते हुए विवि प्रशासन से इसे निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों का जल्द हल नहीं हुआ तो उन्हें उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ेगा। भूख हड़ताल पर रजत कुमार, आदित्य पराशर, विकास बंटी, अमित खन्ना, अमनदीप, शबनम, रंजनदीप, दीक्षा व तेजस्वी बैठे हुए हैं। इस मौके पर पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जसविंद्र सिंह, नवीन कृष्ण, सौरभ जसवाल, पूर्व जिला संयोजक विकास शर्मा, कविता, पारूल ठाकुर व भानू सहित कई विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts