एफडीआई पर किसानों के तेवर तल्ख

मुबारिकपुर (ऊना)। राष्ट्रीय स्वतंत्र किसान मोर्चा की बैठक मंगलवार को मुबारिकपुर में आयोजित की गई। अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष ठाकुर सीता राम ने की। सीता राम ने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश में एफडीआई लागू करके किसानों एवं बागवानों को बेरोजगार करना चाहती है। राष्ट्रीय स्वतंत्र किसान मोर्चा एफडीआई का प्रदेश भर में विरोध करेगा। आरोप लगाया कि कांग्रेस किसानों, बागवानों, दुकानदारों, कर्मचारियों को गुमराह करके प्रदेश में सत्ता में आई है। जबकि प्रदेश के किसान, बागवान केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों और बैंकों के कर्ज तले डूब कर आत्महत्याएं कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ट्रैक्टर टैक्स माफ करने के नाम पर किसानों को गुमराह कर रही है। जबकि किसानों के ट्रैक्टरों का टोकन टैक्स माफ करने के संदर्भ में आज तक कोई अधिसूचना जारी नहीं की जा सकी है। इस मौके पर ठाकुर होशियार सिंह, बलवीर सिंह, ठाकुर पूर्ण सिंह, ठाकुर बलदेव सिंह, ओंकार सिंह, देव राज, शेर सिंह सहित अन्य किसान उपस्थित रहे।

Related posts