
मोगा (आजाद): गांव कोकरी कलां निवासी लड़की ने अपने पति सुखदीप सिंह निवासी मोरांवाली हाल अमरीका पर 15 लाख रुपए की मांग पूरी न किए जाने पर उसे अमरीका बुलाने से इंकार करने के अलावा उसे धमकाने तथा बदनाम करने हेतु उसकी अश्लील फोटो नैट पर डालने का आरोप लगाया है। इस संबंध में जांच के बाद थाना अजीतवाल में पीड़ित लड़की के बयानों पर उसके पति सुखदीप सिंह, ससुर दलजीत सिंह तथा सास सुरिन्द्र कौर निवासी मोरांवाली (होशियारपुर) हाल अमरीका के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले की जांच थाना अजीतवाल के सहायक थानेदार जैपाल सिंह द्वारा की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित लड़की किरनप्रीत कौर ने जिला पुलिस अधीक्षक मोगा को दिए शिकायत पत्र में कहा कि उसकी शादी 6 मार्च 2011 को एन.आर.आई. सुखदीप सिंह के साथ हुई थी। शादी के समय उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया।
उसने कहा कि अप्रैल 2011 को उसका पति तथा ससुराल परिवार के अन्य सदस्य वापस अमरीका चले गए। उसे अक्तूबर 2012 में उसके पति तथा अन्य सदस्यों ने अमरीका से टैलीफोन करके कहा कि हमारी इन्कम कम पड़ती है, इसलिए हम तुम्हें अमरीका नहीं बुला सकते। इन्कम शो करने के हमें 15 लाख रुपए भेजो, ताकि हम तुम्हें अमरीका बुला सकें जिस पर उसने अपने पिता को इसकी जानकारी दी।
उन्होंने उसके पति तथा ससुराल परिवार के अन्य सदस्यों से बातचीत की तथा कहा कि हमने शादी में अपनी हैसियत से ज्यादा पैसे खर्च किए हैं, इसलिए हम उक्त मामले में आपको 15 लाख रुपए नहीं दे सकते जिस पर उसके पति सुखदीप सिंह ने उन्हें धमकियां दीं।
किरनप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि उसके पति ने अपने परिजनों के साथ कथित मिलीभगत करके उसकी कुछ अश्लील नकली फोटो बनाकर नैट पर भी डाल दी हैं और यह भी धमकी दी है कि वह उसकी एक मूवी भी बनाकर नैट पर डालेगा। इस तरह उसके पति तथा ससुराल परिवार के अन्य सदस्यों ने उसका दहेज का सारा सामान तथा सोने के गहने आदि हड़प लिए और उसकी अश्लील फोटो भी नैट पर डाल दी। उक्त सभी लोगों ने हमारे साथ धोखा किया है। जिला पुलिस अधीक्षक मोगा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच का आदेश दिया।
