एनसीआर को मिली तीन लोकल ट्रेनें

नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने इस बार एनसीआर के लिए दो डीजल मल्टीपल यूनिट (डेमू) और एक मेमू ट्रेन चलाने की घोषणा की है। नई समय सारणी के के अनुसार ट्रेन संख्या 64932/64931 मेमू ट्रेन रोहतक तक चलेगी। दिल्ली से कुरुक्षेत्र (7413/74014) डेमू ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी। रोहतक-रेवाड़ी के बीच भी नई डेमू ट्रेन चलेगी। इसी तरह दिल्ली-शामली ट्रेन सहारनपुर तक जाएगी। अहम है कि उत्तर रेलवे की नई समय सारणी रविवार आधी रात से लागू हो जाएगी।

ट्रेनों के चलने के दिनों में हुआ परिवर्तन
नई दिल्ली (ब्यूरो)। पहली जुलाई से लागू होने वाली नई समय सारणी में कई ट्रेनों के दिन में परिवर्तन किया गया है। नई दिल्ली-रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस नई दिल्ली से मंगलवार व शुक्रवार की जगह सोमवार व शुक्रवार को चलेगी। रांची से नई दिल्ली आते वक्त यह ट्रेन बुधवार और शनिवार की जगह मंगलवार और शनिवार को चलेगी। नई दिल्ली-हावड़ा यूथ एक्सप्रेस नई दिल्ली से शुक्रवार की जगह रविवार को चलेगी। हावड़ा से यह ट्रेन बृहस्पतिवार की जगह शनिवार को चलेगी। नई दिल्ली-भुवनेश्वर दुरंतो ट्रेन नई दिल्ली से सोमवार की जगह बृहस्पतिवार को चलेगी। भुवनेश्वर से दिल्ली के यह ट्रेन रविवार की जगह बुधवार को चलेगी। नई दिल्ली-इलाहाबाद दुरंतो ट्रेन नई दिल्ली से बुधवार, शुक्रवार, रविवार की जगह बुधवार, शुक्रवार और सोमवार को चलेगी। वापसी में यह ट्रेन मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार की जगह मंगलवार, बृहस्पतिवार और रविवार को चलेगी। वहीं, राधिकापुर-आनंद विहार लिंक एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन के स्थान पर अब (22488/22487) प्रतिदिन शुरू की जाएगी, इस ट्रेन का नंबर भी परिवर्तित किया गया। इससे पहले इस रूट पर चल रही ट्रेन संख्या 25715/25716 निरस्त कर दी गई है। हजरत निजामुद्दीन-बंगलुरु राजधानी एक्सप्रेस के नंबर में परिवर्तन कर दिया गया है। ट्रेन संख्या 12429/12430 बदलकर ट्रेन संख्या 22691/22692 कर दिया गया है।

17 ट्रेनों की दूरी बढ़ी
उत्तर रेलवे ने अपने नई समय सारणी में साप्ताहिक और द्विसाप्ताहिक 17 ट्रेनों को चलाने की दूरी बढ़ा दी है। पुरानी दिल्ली से चलने वाली सद्भावना एक्सप्रेस अब रक्सौल तक चलेगी। पुरानी दिल्ली-भटिंडा अब फजिल्का तक चलेगी। यशवंतपुर एक्सप्रेस अब चंडीगढ़ तक जाएगी। वहीं दिल्ली सराय रोहिल्ला-सादुलपुर एक्सप्रेस सुजानगढ़ तक चलेगी। वहीं अब नई दिल्ली-फरक्का का अंतिम स्टॉपेज मालदाटाऊन होगा।

मंडावली चंद्र विहार हॉल्ट पर रूकेंगी ट्रेनें
उत्तर रेलवे ने मंडावली चंद्र विहार को दिए गए नए हॉल्ट पर कई ट्रेनों का स्टॉपेज तय किया है। नए हॉल्ट पर नई दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू, पलवल-गाजियाबाद ईएमयू, पुरानी दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू, गाजियाबाद-नई दिल्ली (64427) ईएमयू, 64429 गाजियाबाद-नई दिल्ली, 64433 गाजियाबाद-नई दिल्ली ईएमयू ट्रेन का स्टॉपेज तय किया गया है।

Related posts