एनएसयूआई ने उतारे भोजपुरी सितारे

नई दिल्ली। डूसू चुनाव में पूर्वांचली छात्रों को लुभाने के लिए एनएसयूआई ने भोजपुरी सितारों का दांव खेला है। भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता रवि किशन एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित चौधरी के साथ बुधवार (आज) को घोषणा पत्र जारी करेंगे। इसके जरिए एनएसयूआई पूर्वांचली छात्रों को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रही है। प्रचार के इस फंडे का इस्तेमाल अब तक विधानसभा और लोकसभा चुनाव में ही देखने को मिलता रहा है।
दिल्ली विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में पूर्वांचली छात्र हैं। संगठन का प्रयास किसी भी सूरत में इन छात्रों को अपने पक्ष में करने का है। प्रचार में इस तरह से फिल्म सितारे को उतार कर एनएसयूआई एक बार फिर से चारों सीटों पर जीत का दावा ठोक रही है। वहीं प्रत्याशी छात्रों से संपर्क कर अपनी जीत को पक्का करने के लिए संगठन की उपलब्धियों को बता रहे हैं। एनएसयूआई दिग्गजों की मानें तो चुनाव के लिहाज से आखिरी दो दिन ही सबसे महत्वपूर्ण है क्योंकि यही वह समय होगा जब दिन-रात जुटकर बाजी पलटी जाएगी। लिहाजा एनएसयूआई के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार विशाल चौधरी, सह सचिव पद के उम्मीदवार कुशंक खारी, उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार कपिल शर्मा एवं सचिव पद की उम्मीदवार करिश्मा ठाकुर ने टीमें बनाकर प्रचार को तेज किया।

Related posts