एनएसयूआई ने आचार संहिता का उल्लंघन किया’

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना के साथ ही चुनावी माहौल गरमाने लगा है। छात्र संगठनों की ओर से आरोपों का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को एनएसयूआई और डूसू की ओर से सात नई बसों को शुरू करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए चुनाव अधिकारियों से शिकायत करने का फैसला किया है। नॉर्थ कैंपस में मंगलवार को परिवहन मंत्री रमाकांत गोस्वामी और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित चौधरी ने सात रूट पर यू स्पेशल बस को हरी झंडी दिखाई। एबीवीपी के प्रदेश सचिव रोहित चहल ने आरोप लगाया कि अधिसूचना लागू होने के पहले दिन ही एनएसयूआई ने आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसा करके एनएसयूआई ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग शुरू कर दिया है। इस मुद्दे को लेकर एबीवीपी बुधवार को शिकायत करेगी। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई पूरे वर्ष इस कदम को क्यों नहीं उठाया। एबीवीपी ने इस मामले में एनएसयूआई के नेतृत्व वाले डूसू के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Related posts